Pushkar’s Mona Lisa” — नसीब, नज़र और नुमाइश की कहानी
*पुष्कर की मोनालिसा*
नसीब, नजर और नुमाइश की कहानी जहाँ रहमत-ए-निगाह ने एक जर्रे को आफताब बना दिया नसीब तब चमकते हैं जब रहमत-ए-निगाह होती है, और कोई मामूली जर्रा भी आफताब तक पहुंच जाता है। यही बात पुष्कर मेले में आई सुमन कालबेलिया की कहानी पर सटीक बैठती है। किसे पता था कि रेगिस्तान की धूल-धूप में रहने वाली यह साधारण युवती एक दिन मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियों का केंद्र बन जाएगी। उसकी एक भूरी, नशीली आंख ने उसका भाग्य ही बदल दिया।
मेले में आए फोटोग्राफर और यूट्यूबरों की नजरें जब उस पर पड़ीं, तो उन्हें उसके चेहरे में किसी रहस्यमयी कलाकृति की झलक दिखी। किसी ने कहा—उसकी आंखें मोनालिसा जैसी हैं। किसी ने यह कहानी गढ़ दी कि वह कुंभ मेले की मशहूर मोनालिसा की बुआ है। धीरे-धीरे उसकी छवि कैमरे की रोशनी में चमकने लगी। जो लड़की कल तक अनजान थी, वही अब पुष्कर की *मोनालिसा* कहलाने लगी। लोग उसे घेरकर फोटो खींचते, वीडियो बनाते, रील शूट करते। उसकी भूरी आंखें अब इंटरनेट पर किसी आकर्षण का प्रतीक बन चुकी थीं।
सुमन के लिए यह सब शुरू में किसी सपने जैसा था। कैमरे की क्लिक, भीड़ की नजरें, और तारीफों की बौछार ने उसके भीतर एक अनजानी खुशी जगा दी। लेकिन जल्द ही उसे एहसास हुआ कि यह शोहरत उसकी अपनी नहीं थी। उसकी आंखों से कमाई तो यूट्यूबर कर रहे थे। उसके भोलेपन, उसकी मासूम मुस्कान और उसकी नशीली आंखों का इस्तेमाल व्यूज़ और लाइक्स बटोरने के लिए किया जा रहा था। उसे तब समझ आया कि वह खुद एक *कंटेंट* बन चुकी है—एक चेहरा, जिसे दुनिया मनोरंजन के लिए देख रही है।
फिर भी, इस एहसास ने उसमें एक नया आत्मविश्वास जगाया। उसे लगा कि उसके भीतर कोई नायाब चीज है—कोई ऐसा आकर्षण, जो उसे बाकी सब से अलग बनाता है। उसने अपनी चाल, अपने नज़रिए और अपनी बात करने के ढंग में आत्म-सजगता ला दी। अब वह जान गई थी कि उसके पास जो है, वह बेकार नहीं। उसकी आंखें सिर्फ़ सुंदर नहीं, अभिव्यक्तिपूर्ण हैं। अब वही आंखें उसकी पहचान बन गईं। वह हर नजर का जवाब मुस्कान से देने लगी। उसे अहसास हो गया था कि वह चाहें तो अपनी छवि की मालिक खुद बन सकती है।
यह घटना आज के समाज की एक गहरी सच्चाई को भी उजागर करती है। जिस दुनिया में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ सब कुछ तय करते हैं, वहां हर व्यक्ति एक वस्तु बनता जा रहा है । कैमरा संस्कृति ने लोगों को मानवीय संवेदनाओं से ज्यादा, दृश्यात्मक आकर्षण पर केंद्रित कर दिया है। सुमन की आंखें कलात्मकता की नहीं, बल्कि बाजार की भूख की कहानी कहती हैं। उसकी मासूमियत को लोग सुंदरता के चश्मे से देखते हैं, जबकि असल में वह एक साधारण लड़की है, जो अब समझ चुकी है कि हर नजर में दया नहीं होती, कई बार नजरें सौदे की होती हैं।
फिर भी, इस पूरे प्रसंग में सबसे सुंदर बात यह है कि सुमन ने खुद को टूटने नहीं दिया। उसने जाना कि खुदा के नवाजने के भी अनोखे तरीके होते हैं। वह जानती है कि अगर उसकी आंखें किसी को मोहती हैं, तो अब वह उसकी कमजोरी नहीं, उसकी ताकत हैं। यही जागरूकता उसे भीड़ से अलग करती है।
यह कहानी इस युग का आईना है—जहाँ एक ओर कैमरे की चमक किसी को सितारा बना देती है, तो दूसरी ओर वही चमक किसी की पहचान को निगल जाती है। सुमन कालबेलिया की आंखें अब सिर्फ आकर्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मबोध की मिसाल हैं।
जैसे शायर ने कहा है—
*तेरी आंखों की ताबीरें समझनी मुश्किल हैं,*
*कभी सजा देती हैं, कभी दुआ बन जाती हैं ।*
वास्तव में, यह कहानी किसी आंखों की नहीं, बल्कि उस आत्मा की है जो खुद को पहचानना सीख गई है। पुष्कर की यह _मोनालिसा_ अब समझ चुकी है कि _खुदा जब मेहरबान होता है, तो जर्रे को भी आफताब बना देता है— और वही नूर अब उसकी आंखों से झलकता है।_
@ *_रुक्मा पुत्र ऋषि_*



